जिला तरनतारन के अधीन आते कस्बा सरहाली में पैसे डबल करने का झांसा देकर अपने पास बुलाकर चार हथियारबंद लुटेरों ने पिस्तौल दिखाकर 4.25 लाख की नगदी लूट ली। थाना सरहाली की पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरमीत सिंह पुत्र काबल सिंह निवासी ईना खेड़ा जिला मुक्तसर साहिब ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात जवाहर, मनी निवासी चोहला साहिब, रखविंदर सिंह निवासी बसंबरपुरा और सन्नी निवासी तरनतारन से हुई।
उन्होंने बताया कि वह पैसे डबल करने का काम करते हैं और उसके पैसे भी डबल कर देंगे। 29 मार्च को वह दोस्त सुखविंदर सिंह के साथ 1.15 लाख रुपये डबल करवाने लिए कसबा सरहाली में आया और उक्त व्यक्तियों को फोन किया।
उस समय उक्त व्यक्तियों ने कहा कि उनका पैसे तैयार करने वाला केमिकल खराब है वह कुछ दिन बाद आए। दो अप्रैल को वह फिर अपने दोस्त सुखविंदर सिंह के साथ कार में सवार होकर 4.25 लाख रुपये लेकर सरहाली पहुंचा।
उक्त व्यक्तियों ने उनको गांव शकरी जाने वाली सड़क पर आने को कहा। जब वह पास पहुंचे तो गाड़ी से उक्त आरोपी बाहर निकले। इनमें से रखविंदर सिंह ने पिस्तौल निकालकर उनपर तान दी और नगदी छीनकर फरार हो गए।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह औलख ने बताया कि उक्त व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गईं है।