पंजाब के तरनतारन जिले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां के थाना चोहला साहिब के गांव किडिया में रविवार की रात पिता ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर बेटे की हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद पिता रिवाल्वर समेत फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बेटे की गलत संगत का विरोध करता था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव किडिया निवासी राजविंदर कौर ने बताया उसके पति राजदीप सिंह (30) का अपने पिता सुबेग सिंह से रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे विवाद हुआ। बात बढ़ने पर सुबेग सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली और अपने पुत्र राजदीप पर एक के बाद एक पांच गोलियां दाग दीं।
चार गोलियां राजदीप के आसपास से निकल गईं। एक गोली राजदीप के सिर में लगी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। परिवार के लोग घायल राजदीप को पास के निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी यादविंदर सिंह ने बताया कि गांव वालों से जानकारी मिली है कि राजदीप सिंह की संगत गलत लोगों के साथ हो गई थी। खेती कर घर चलाने वाला पिता सुबेग सिंह उसकी गलत संगत का विरोध करता था। इसे लेकर पिता-पुत्र के बीच आए दिन विवाद होता था।
रविवार की रात भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। इस पर पिता सुबेग सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर पुत्र राजदीप सिंह की हत्या कर दी। राजदीप की पत्नी राजविंदर कौर की शिकायत पर उसके ससुर सुबेग सिंह के खिलाफ केस दर्जकर लिया गया है। बेटे की हत्या के आरोपी सुबेग सिंह की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।