पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने एक आरोपी को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। थाना मेहता पुलिस ने एक विशेष अभियान के दौरान आरोपी को अवैध हथियार समेत पकड़ा है। आरोपी से पुलिस ने 30 बोर की बिना नंबर पिस्तौल, 2 जिंदा राउंड, एक स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन बरामद किया है।
आरोपी की पहचान हरजिंदर सिंह निवासी पत्ती मेके सिटियाला, थाना ब्यास के रूप में हुई है। एसएसपी सुहैल मीर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तेजविंदर सिंह उर्फ जग्गा और हरजिंदर सिंह स्विफ्ट कार में अवैध हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पुल बाइपास गरीदा पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार रोककर खेतों की ओर फरार हो गया।
कार की सह-चालक सीट पर बैठे व्यक्ति को मौका रहते पकड़ लिया। पूछताछ दौरान आरोपी ने अपना नाम हरजिंदर सिंह बताया। तलाशी में उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल और जिंदा राउंड मिले। वहीं ड्राइवर सीट से मिला मोबाइल फोन फरार आरोपी तेजविंदर सिंह का पाया गया।
थाना मेहता में दोनों आरोपियों के खिलाफ, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले के फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जांच में जो भी शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।