सूईयाखुर्द क्षेत्र में बुधवार की रात पेट्रोल पंप के सुरक्षा अधिकारी से देशी कट्टे के बल पर बारह बोर की बंदूक लूट ली गई। थाना कंबोह पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में काहलो फिलिंग स्टेशन सुइयाखुर्द में तैनात सुरक्षा अधिकारी कुलविंद्र सिंह निवासी भुच्चर खुर्द ने बताया वह बुधवार की रात वह अपनी ड्यूटी दे रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे एक मारुति जेन कार पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। कार से तीन युवक उतरे और एक ड्राइविंग सीट पर ही बैठा रहा।
एक ने उससे शौचालय का रास्ता पूछा। इसी बीच दूसरा युवक उससे बारह बोर की बंदूक छीनने का प्रयास करने लगा। तभी तीसरे युवक ने उसकी कनपटी पर देशी कट्टा लगा।
इसके बाद तीनों युवक उसकी बंदूक लूटकर कार में सवार होकर चौथे साथी के साथ भाग निकले। केस की जांच कर रहे एएसआई तरसेम सिंह ने बताया अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।