चोरी की 17 मोटरसाइकिल समेत दो गिरफ्तार
गुरदासपुर। सीआईए स्टाफ ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनसे चोरी की 17 मोटरसाइकिल बरामद की है। जिला पुलिस प्रमुख हरचरन सिंह भुल्लर ने बताया कि सीआईए स्टाफ कर्मचारियों ने मंगलवार को पीरांबाग मोड पर नाका लगा रखा था। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नौजवानों को रोक कर कागज दिखाने को कहा गया। इस पर आरोपी कोई कागज नहीं दिखा सके। आरोपियों की पहचान राजन मसीह निवासी गांव लखन खुर्द और शिंगारा राम निवासी गांव मलमूआं के तौर पर बताई। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि यह मोटरसाइकिल उन्होंने अपने एक अन्य साथी मीता निवासी गांव डेयरीवाल किरन से मिलकर पठानकोट से चोरी की थी। एसएसपी के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सीआईए स्टाफ गुरदासपुर ने 17 चोरी किए मोटरसाइकिल बरामद की है। वह पठानकोट, गुरदासपुर, धारीवाल और बटाला आदि इलाकों से चोरी की थीं।
04जीडीआर5- चोरी के मोटरसाईकल तथा पकड़े गए आरोपियों सहित पुलिस पार्टी।