धमकी देने के आरोप में आजाद पार्षद नामजद
विरोधी उम्मीदवार ने पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। वार्ड नंबर 21 से आजाद पार्षद सुधीर महाजन के खिलाफ पिस्तौल दिखा कर धमकी देने के आरोप में थाना सिटी की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह मामला इसी वार्ड से भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने वाले अमन नांरग ने दर्ज कराया है।
थानाप्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि अमन नांरग ने अपनी शिकायत ने बताया कि शनिवार की रात वह आस्ट्रेलिया फार्म में गोगा गारमेंट वालों की बेटी की बैंगल सेरेमनी में गए थे। वहां आजाद पार्षद सुधीर महाजन निवासी बाठ वाली गली भी आया था। उनकी पुरानी राजनितिक रंजिश चली आ रही थी। इस दौरान सुधीर महाजन ने उसे आंखें दिखाई और अपनी कमर में लगा पिस्तौल दिखा कर कहा कि उसने चुनाव में उनके साथ धक्का किया था, अब उन्हे मजा चखा देते है। उसके बाद जब वह पैलेस से बाहर निकले तो सुधीर महाजन ने उनका रास्ता रोक कर धमकाने लगा। शिकायत पर सुधीर महाजन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि सुधीर महाजन भाजपा छोड़कर आजाद चुनाव लड़े और चुनाव जीते। नए जिला प्रधान बनने के बाद वह दोबारा भाजपा में शामिल हो गए है। सुधीर महाजनऔर अमन नांरग एक ही गली के निवासी भी है। अमन नांरग ने 2015 में भाजपा व सुधीर महाजन ने आजाद उम्मीदवार के तौर पर वार्ड नंबर 21 से चुनाव लड़ा। इसमें अमन नारंग को शिकस्त मिली थी, तभी से दोनो की रंजिश चली आ रही है।