जीजा को अस्पताल में मृत छोड़ साला फरार
परिजनों ने जताई कत्ल की आशंका, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कादियां (गुरदासपुर)। रहस्यमय परिस्थितियों में सोमवार रात जीजा को मृत एक अस्पताल में छोड़ने की बात पर मृतक के अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया।
मृतक की माता आशा रानी ने बताया कि उनके बेटे हरभजन लाल की शादी 11 साल पहले खुण्डा की रहने वाली अनु के साथ हुई थी। उसका एक बेटा और एक बेटी है। शादी के बाद उनकी बहू अक्सर बिना बताए ही घर से चली जाती रही थी। इस कारण हरभजन लाल बहुत परेशान होता था। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी उनकी बहु किसी बात को लेकर घर से चली गई और साथ में बेटी को भी ले गई। जब कुछ देर तक वह वापस नहीं आई तो हरभजन दास ने अपने रिश्तेदारों और ससुराल में फोन किया। उन्होंने सोमवार शाम को हरभजन का साला सुख अपने एक अन्य साथी के साथ घर आया और हरभजन को घर से लेकर धारीवाल चला गया। देर रात करीब 9 बजे हरभजन का साला दोबारा उनके घर आया और कहने लगा कि हरभजन की हालत ठीक नहीं है। उसे स्थानीय एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इस पर हरभजन की बहन और 10 साल का बेटा उसके साथ अस्पताल चले गए। अस्पताल पहुंचने पर जब उन्हें पता चला कि हरभजन की मौत हो चुकी है तो हरभजन का साला उनकी बेटी और पोते को अस्पताल में छोड़कर बाइक लेकर लेकर भाग निकला। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि हरभजन की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। इस संबंध में पुलिस थाना कादियां में शिकायत कर दी गई है। पुलिस ने हरभजन के साले की बाइक को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी सुदेश कुमार का कहना है उन्हें शिकायत मिल गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।