ससुरालियों पर कार्रवाई के लिए प्रदर्शन
युवती ने निगली सल्फास, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
पठानकोट। शहर के ढाकी निवासी विवाहिता ने बुधवार को सल्फास निगल ली। उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। युवती के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ससुराल वालों पर कार्रवाई के लिए मानवाधिकार संगठन ने प्रदर्शन किया।
विवाहिता की पहचान मीरा देवी (26) पत्नी पुरूषोत्तम लाल निवासी ढाकी के रूप में हुई है। युवती की पांच साल पहले ही शादी हुई थी। उसका एक बेटा (4) व एक बेटी (2) है। युवती के पिता हरदीप सिंह व माता तृप्ता रानी निवासी गांव इटटी ने आरोप लगाते हुए बताया कि मीरा को उसके ससुराल वाले शादी के बाद से ही तंग कर रहे थे। वह आए दिन कोई न कोई मांग करते रहते हैं। मीरा का पति ज्वैलरी की दुकान चलाता है। अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए वह मीरा पर मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा था। बुधवार को मीरा के ससुराल के पड़ोसियों से उन्हें सूचना मिली कि मीरा ने सास-ससुर से झगड़ा होने के बाद सल्फास निगल ली थी। थाना प्रभारी दविंदर प्रकाश ने बताया मीरा के बयान लेने के बाद ही जांच आगे बढ़ पाएगी। जांच के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अखिल भारतीय मानवाधिकार संगठन भी पीड़िता के पक्ष में उतर आया है। संगठन के जिला प्रधान योगेश ठाकुर की अगुवाई में सदस्यों ने पुलिस से मामले की निष्पक्षता से जांच करने की मांग की है। योगेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले की जांच करके आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करे।