हेड कांस्टेबल को घायल कर लूटा
गांव मठोला के अड्डे में हुई वारदात, नकदी और दो मोबाइल ले गए
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
लोगों की सुरक्षा करने वाली पुलिस खुद ही लुटेरों और बदमाशों के निशाने पर है। ऐसी ही वारदात थाना श्री हरगोबिंदपुर केे आधीन आते गांव अड्डा मठोला के पास वीरवार की रात हुई। यहां दो लुटेरों ने पुलिस के हेड कांस्टेबल पर हमला करके पहले उसे घायल कर दिया और बाद में उससे नकदी और दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लुटेरों ने इस वारदात को तब अंजाम दिया जब पुलिस कर्मी ड्यूटी के लिए अपने गांव से थाने जा रहा था। पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस थाना श्री हरगोबिंदपुर में तैनात हेड कांस्टेबल रूप सिंह वासी कोट दंजल ने बताया कि वीरवार को उसकी नाइट ड्यूटी पर था। वह अपने गांव से थाने में ड्यूटी के लिए आ रहा था। करीब 9 बजे के आसपास वह गांव मठोला के अड्डे पर पहुंचा। इस दौरान दो अज्ञात युवक एक बाइक पर उसके सामने आ गए।
पहले तो युवकों ने उसको धक्का मार नीचे गिरा दिया। इसके बाद लोहे के दातर से उसकी टांग पर वार कर दिया। इससे वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद लुटेरों ने उसकी जेब से 1400 रुपये, दो मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड छीनकर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। मामले के जांच अधिकारी एएसआई जागीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।