विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी
दो विभिन्न पुलिस थानों में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। पुलिस ने दो विभिन्न थानों में विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। दोनों ही मामलों में नामजद सभी आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पहले मामले में पुलिस थाना सिटी के एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सतीश कुमार निवासी गांव कोट कुलजस राये बटाला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके लड़के अमनदीप को साइप्रेस भेजने के लिए उन्होंने प्रताप सिंह निवासी तरनतारन को 3 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद आरोपी ने पैसे तो ले लिए लेकिन उनके बेटे को न तो विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए।
एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सतीश कुमार के आरोपों की जांच एंटी फ्राड स्टाफ बटाला के इंचार्ज एसआई रशपाल सिंह ने की तो आरोप ठीक पाए गए। एसएसपी बटाला के आदेश पर प्रताप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं दूसरे मामले में थाना कोटली सूरत मल्ही के एएसआई मुखदेव सिंह ने बताया कि हरभजन सिंह निवासी गांव अदालतपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे सुखमीत सिंह को आस्ट्रेलिया भेजने के लिए अमरीक सिंह, उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर निवासी जालंधर, कमलेश मेहरा और सागर मेहरा दोनों निवासी अहमदाबाद ने उससे आठ लाख रुपये लिए थे। पैसे लेने के बाद उक्त चोरों ने न तो उनके बेटे को आस्ट्रेलिया भेजा और न ही उनके पैसे वापस किए। एएसआई मुखदेव सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता के आरोपों की जांच डेरा बाबा नानक के उप कप्तान ने की तो आरोप ठीक पाए गए। एसएसपी बटाला के आदेश पर उक्त चारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।