शिमला के लिए
ड्यूटी पर जा रहे आर्मी के राइफलमैन की सड़क पर पड़ी मिली लाश
डलहौजी निवासी जवान 28 दिन बाद जा रहा था ड्यूटी पर, मामून कैंट के पास खून से सनी मिली लाश
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। छुट्टी काट घर से ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे आर्मी के राइफलमैन की खून से लथपथ लाश देर रात मामून कैंट के पास गांव जंडवाल नेशनल हाईवे पर मिली। हिमाचल के डलहौजी जिले के गांव गढ़ निवासी अक्षय बलौरिया 28 दिन की छुट्टी काटकर घर से वापिस श्रीनगर यूनिट में ज्वाइन करने जा रहे थे। थाना मामून की पुलिस ने जवान की लाश का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा वारिसों और यूनिट में सूचित किया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि देर रात 12 के करीब उन्हें सूचना मिली कि गांव जंडवाल के पास नेशनल हाईवे पर किसी व्यक्ति की लाश खून से सनी पड़ी है, मौके पर जाकर उसके डॉक्यूमेंट चेक किए तो वह आर्मी का जवान निकला। उन्होंने बताया कि जवान मंगलवार को ही घर से ड्यूटी के लिए निकला था। उन्होंने बताया कि 22 वर्षीय अक्षय को आर्मी में भर्ती हुए अभी अढ़ाई साल हुए थे, फिलहाल जवान की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों के बयान पर सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौत के कारणों की जांच जारी है।