विजिलेंस ने रिश्वत लेते पटवारी दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। डेरा बाबा नानक के एक पटवारी को विजिलेंस की टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपी पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी विजिलेंस गुरदासपुर कुलदीप सिंह ने बताया कि तरलोक सिंह निवासी शाहपुर गोराया ने उनको शिकायत दी थी कि पटवारी हरप्रीत सिंह उनके बेटे की रजिस्ट्री के इंतकाल करने के लिए तीन हजार रुपये मांग रहा है। तरलोक सिंह की शिकायत के आधार पर बुधवार को पटवारी हरप्रीत सिंह के दफ्तर में छापामारी की गई। उसे तीन हजार की रिश्वत लेते काबू कर लिया गया है। इस संबंध में आरोपी पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।