ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर बेच रहे थे मिक्सर ग्रांइडर, केस दर्ज
चंडीगढ़ से आए कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर ने पुलिस के साथ की रेड
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। ब्रांडेड कंपनियों के नकली लेबल लगाकर लोकल कंपनियों के मिक्सर ग्राइंडर बेचने वाले दुकानदार से चंडीगढ़ की स्पीड नेटवर्क कंपनी ने 75 मिक्सर ग्राइंडर बरामद किए हैं। थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर की शिकायत पर नकली सामान बेचने वाले दुकानदार शिव शक्ति बर्तन भंडार के मालिक दिनेश सिंगला पर पर मामला दर्ज किया है। चंडीगढ़ से पठानकोट पहुंचे कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी नरिंद्र कुमार और जसप्रीत ने बताया कि उन्हें पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि गांधी चौक दुकानदार ब्रांडेड कंपनियों बजाज और ऊषा कंपनी का नाम छापकर लोकल कंपनियों का माल बेच रहा है। इस पर कुछ दिनों तक दुकान की रेकी की और मंगलवार देर शाम एसपी (डिटेक्टिव) और थाना डिवीजन नंबर-1 के थाना प्रभारी को साथ लेकर दुकान में रेड की गई। इस दौरान दुकान में बजाज व ऊषा कंपनी के लेबल वाले 75 लोकल कंपनियों के मिक्सर ग्राइंडर मिले हैं। उन्होंने बताया कंपनी के इस प्रोडक्ट की कीमत 2500 से 2800 के बीच है। जबकि दुकानदार यह प्रोडक्ट 500 में खरीदकर उस पर कंपनी का नकली लेबल लगाकर 1800 से 2 हजार तक की कीमत में बेच रहा था। वहीं इस संबंधी थाना डिवीजन नंबर-1 के एसएचओ अवतार सिंह ने कहा कि आरोपी दुकानदार दिनेश सिंगला पर कॉपीराइट एक्ट की धारा 41 और 43 के तहत मामला दर्ज किया गया है, आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच की जा रही है कि दुकानदार कहां से सामान खरीदता था। जांच पूरी होते ही कार्रवाई की जाएगी।
फोटो:-2-लोकल प्रोडक्ट पर ब्रांडेड कंपनियों के नाम छाप बेचे जा रहे प्रोडक्ट्स के साथ चंडीगढ़ से आए अधिकारी।