थाना पुलिस ने बस स्टैंड व स्टेशन पर चलाया चेकिंग अभियान
संदिग्ध दिखने पर करें सूचित : पुलिस
पठानकोट। बार्डर के साथ बहते रावी दरिया में पाकिस्तान की किश्तियां मिलने तथा दीनानगर के आसपास संदिग्ध देखे जाने के बाद जिला पुलिस अलर्ट पर है। वीरवार को थाना डिविजन नंबर 1 के एसएचओ अवतार सिंह ने विशेष टीम के साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर चैकिंग अभियान चलाया। एंटी सैबोडेट टीम व स्निफर डॉग की मदद से यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई। हालांकि इस दौरान किसी भी तरह का संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली। वहीं एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि इस तरह का चैकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान अवतार सिंह ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि वह जिले में किसी भी प्रकार के संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु को देखे, तो फौरन इस संबंध में पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।