हमीरपुर। बस स्टैंड हमीरपुर से दिन दहाड़े दो महिलाओं के कपड़ों तथा कीमती सामान से भरे बैग चोरी हो गए हैं। महिलाओं ने इसकी शिकायत अड्डा प्रबंधन और बस स्टैंड स्थित पुलिस चौकी में की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
महिलाओं ने पुलिस में दिए ब्यान में बताया कि बुधवार दोपहर वह अपना बैग बस स्टैंड में रख कर एटीएम से पैसे निकलवाने गईं। जब वह वापस आई तो देखा की उनका बैग गायब है। इतने में महिलाओं ने देखा की एक युवक उनके बैग उठाकर बस स्टैंड के बाहर की ओर भाग रहा था। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक युवक बैग लेकर फरार हो गया। महिलाओं ने इसकी शिकायत अड्डा प्रबंधन और पुलिस में की है। महिलाओं का कहना है कि उनके बैग में कपड़े और कीमती सामान था। बस अड्डा प्रभारी बलबीर का कहना है कि महिलाओं की शिकायत मिली हैै। बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही हैै। पुलिस भी इस मामले पर तफ्तीश कर रही है। उधर, चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है।