सोना बाजार में चोरी का खुलासा, बाप-बेटा गिरफ्तार
चांदी, चार लाख रुपये, बाइक, एलईडी, स्मार्ट फोन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर।
गुरु बाजार (सोना बाजार) स्थित मुकेश बुर्रानी के शोरूम में बीते 25 जनवरी को हुई लाखों की चोरी का मामला थाना डी डिवीजन पुलिस ने सुलझा लिया है। अमृतसर पुलिस ने अमेठी जाकर चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार करके उनके पास से 16 चांदी की ईंट जिसका वजन 13 किलो 200 ग्राम (कीमत करीब 17 लाख रुपये) व चार लाख नगदी, एक बाइक, एक एलईडी, एक स्मार्ट फोन व 17 लाख रुपयों की रजिस्ट्री के कागजात बरामद किए हैं। आरोपियों ने चोरी के रकम से खरीदी थी।
आरोपियों की पहचान करण यादव व राम संजीवन के तौर पर हुई। राम संजीवन आरोपी करण यादव के पिता हैं। दोनों अमेठी के गांव हरमूका पुरवा, ऊंचा गांव थाना मुसाफिरखाना जिला अमेठी के रहने वाले हैं। पुलिस कमिश्नर एसएस श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों ज्वैलर्स के पास नौकरी करते थे और पहाड़ियां वाली गली एकता नगर अमृतसर में किराए के मकान पर रहते थे। करण यादव ज्वैलर्स की दुकान पर काम करता था। कई सालों से करण ने काम करते हुए मालिक का दिल जीत लिया था। करण ने बड़े सुनियोजित ढंग से लाखों के चांदी की ईें व नगदी चुरा ली। हालांकि कितनी चोरी हुई है यह पुलिस अभी ठीक से बता नहीं रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के बाद जांच चल रही है। दोनों आरोपियों को यूपी पुलिस की मदद से गिरफ्तार करके अमृतसर लाया गया है, अदालत में दोनों का पुलिस रिमांड तीन दिन का मिला है। पूछताछ के बाद और खुलासे हो सकते हैं।
गांव में कहा लाटरी निकली है
दोनों बाप बेटा जब बड़ा हाथ मार कर गांव लौटे तो वहां जाकर उन्होंने बाइक, एलईडी, स्मार्ट फोन के साथ-साथ 17 लाख रुपयों की जमीन भी खरीद ली। पुलिस जमीन के दस्तावेज, बाइक व अन्य समान अमृतसर ले आई है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह शातिर है, पंजाब में और हुई वारदातों को लेकर इन दोनों से पूछताछ जारी है।