ट्राले के सात साल के मासूम को कुचला, मौत
गुस्साए लोगों ने जाम किया हाईवे, ट्राले में की तोड़फोड़
ट्राला चालक फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
पठानकोट।
पठानकोट-अमृतसर हाईवे पर परमानंद अड्डे के पास ट्राले नीचे आने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक अभिषेक, परमानंद का रहने वाला है। बच्चा अपने माता-पिता के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान ट्राले ने बाइक को साइड मार दी। बच्चा गिरकर ट्राले के टायर के नीचे आ गया। ट्राले का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने रोड जाम कर ट्राले में तोड़फोड़ की। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चे के पिता कुलदीप ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ परमानंद से पठानकोट शादी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह गांव से बाहर निकले ट्राले ने टक्कर मार दी। इससे बाइक पर बैठा अभिषेक गिर गया और ट्राले का पिछला टायर अभिषेक के ऊपर चढ़ गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक को रोककर उसमें तोड़फोड़ की।
सूचना मिलने पर तारागढ़ व कानवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवाया। तारागढ़ थाना प्रभारी अमरीक सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्राला कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। लोगों ने मांग की कि परमानंद अड्डे पर टूटी सड़क को जल्द बनाया जाए। इसी के कारण बीते दिन भी परमानंद निवासी युवक की मौत हो गई थी।
फोटो -11- पठानकोट-अमृतसर हाईवे पर बच्चे की मौत के बाद रोड जाम करते गुस्साए लोग।