कॉलेज के चौकीदार को रस्सी से बांधकर स्टूडेंट की वर्दियां ले गए चोर
पूरी रात ठंड में बंधा रहा चौकीदार, एक रात में तीन जगह नकदी और कीमती सामान चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन।
पट्टी शहर में एक रात में तीन जगह चोरी होने की घटनाओं से पुलिस की गश्त प्रणाली पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है। पुलिस की तरफ से लगाए गए नाके भी चोरों को रोकते नहीं और चोर बेखौफ हो चोरी कर फरार हो जाते हैं। और पुलिस हर बार की तरह हाथ मलते हुए दावे करती रहती है।
गत रात हुई पहली घटना शहीद भगत सिंह बीएड कालेज कैरों में हुई। जहां पर 6 के करीब आए चोर गिरोह के सदस्यों ने चौकीदारों को कैंटीन में रस्सों के साथ बांध दिया और बेखौफ होकर चोरी कर फरार हो गए। कालेज के चौकीदार सारी रात ठंड में रस्सी से बंधे रहे और सुबह कालेज पहुंचे सफाई कर्मियों ने उन्हें आकर खोला। जानकारी अनुसार बलविंदर सिंह निवासी कैरों और सतनाम सिंह ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि हर दिन की तरह वह कालेज में रात के समय ड्यूटी कर रहे थे। सुबह 2 बजे के करीब 6 के करीब अज्ञात चोर हथियारों के बल पर कालेज में दाखिल हो गए। आते ही उन्होंने धमकाते हुए उन्हें रस्सी से बांध दिया और मुंह पर भी कपड़ा बांध दिया। जिसके बाद उन्होंने उनकी खूब मारपीट भी की। इसके दौरान चोर कालेज के दफ्तर में पड़े 61 हजार 800 रुपये चोरी कर फरार हो गए। चोरी करते समय चोरों की फुटेज कालेज के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। दूसरी घटना बुड ब्लसम स्कूल कैरों की है, जहां 5 चोरों ने रात 1:30 बजे स्कूल की दीवार फांद कर पहले तो स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की तोड़फोड़ की और बाद में स्कूल के दफ्तर के ताले तोड़ कर अलमारी में पड़ा जरूरी सामान और बच्चों की दर्जन भर के करीब पैंटें और कमीजें लेकर फरार हो गए। यहां पर भी चोरों की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना पुलिस को कर दी गई है। तीसरी घटना रजिंदरा सर्विस स्टेशन खेमकरण रोड पट्टी की है। जहां चोरों ने दुकान की दीवार के रोशनदान तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकान मालिक ठेकेदार जगतार सिंह, रशपाल सिंह, हरपाल सिंह निवासी पट्टी ने बताया कि चोरों ने दुकान अंदर दाखिल हो कर 2 हजार रुपए की नकदी, 2 मोटरें पानी वाली, 1 कंप्रेशर, 1 वेकलीम मशीन, 1 ग्रीस गन, प्लास्टिक समान आदि चोरी कर ले गए। मामले की जांच कर रहे पट्टी के डीएसपी सोहन सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।