बटाला। थाना रंगड़ नंगल के गांव सुक्खा चिड्डा में जमीन विवाद को लेकर बुजुर्ग से मारपीट करने और उसकी पगड़ी से उसे बांधने की वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने हरकत में आने ही हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बुजुर्ग तजिंदरपाल सिंह निवासी गांव सुक्खा चिड्डा ने बताया कि उसके गांव में ही उसकी कुछ जमीन है, जिस पर उसका परिवार का पिछले 40-50 साल से कब्जा है। इस जमीन का अजीत सिंह निवासी अम्मोनंगल के साथ हाईकोर्ट में केस भी चल रहा है। बुधवार को वह और उसका लड़का अदितबीर सिंह अपने खेतों में काम कर रहे थे । इस दौरान अजीत सिंह अपने साथ करीब 60-70 हथियारबंद व्यक्ति लेकर जमीन पर कब्जा करने के लिए आया और उन पर हमला कर दिया। इससे उसके लड़के अदितबीर सिंह को काफी चोटें आई हैं, जिसका इलाज सिविल अस्पताल बटाला में चल रहा है।
उसने बताया कि हमलावरों ने उससे भी मारपीट की और उसकी बेइज्जती करके उसकी पगड़ी के साथ उसकी बाजूएं बांध दी और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की। तजिंदरपाल सिंह ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से उक्त हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना रंगड नंगल की एसएचओ इंस्पेक्टर बलजीत कौर ने बताया कि पुलिस ने अजीत सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो- 27जीडीआरबीटीएलपी04
कैप्शन- बटाला के गांव सुखा चिड्डा में बुजुर्ग की मारपीट के वीडियो का क्लिप।