बटाला। थाना कोटली सूरत मलही में नामी गैंगस्टरों को पनाह देने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। थाना कोटली सूरत मलही पुलिस ने आोरपी के खिलाफ डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां बलबीर सिंह की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है।
डीएसपी बलबीर सिंह ने बताया कि 28 मई को फतेहगढ़ चूड़ियां के पास गांव पब्बांराली के पास पुलिस और गैंगस्टर शुभम निवासी फ्रेंड्स कालोनी अमृतसर, मनप्रीत सिंह निवासी गांव वलीपुर के बीच करीब मुठभेड़ हुई थी। पुलिस ने दोनो गैगस्टरों को दबोचा था । आरोपियों से 1 ब्रेटर पिस्टल, 3 पिस्तौल 32 बोर, 1 मैगनम पाइथन रिवाल्वर, 1 पंप एक्सन राइफल 12 बोर, 1 विदेशी बुलेट प्रूफ जैकेट के अलावा भारी मात्रा में गोली और 25 हजार रुपये बरामद हुए थे।
रिमांड के दौरान उक्त दोनों आरोपियों ने बताया कि वह और एक अन्य उनका साथी गैंगस्टर हरविंदर सिंह अक्सर वारदातों को अंजाम देने के बाद जतिंदरपाल सिंह निवासी गांव खैहरा के घर में पनाह लेते थे। थाना कोटली सूरत मलही के एसआई एवं जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने डीएसपी बलबीर सिंह की रिपोर्ट के आधार पर जतिंदरपाल सिंह निवासी गांव खैहरा के खिलाफ गैगस्टरों को अपने घर में पनाह देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।