अमृतसर। श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की जेब काटने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला की पहचान लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित छाबड़ा कालोनी में रहने वाली इक़बाल कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के पास से सोने की चूड़ियां और अन्य बहुमूल्य सामान बरामद किया।
जानकारी के अनुसार एक महिला जीत कौर ने कोतवाली थाने की पुलिस को बताया था कि सोमवार को वह श्री दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंची थी। जब वह दुख भंजन बेरी के पास बैठी थी तब एक अज्ञात महिला उनके पास पहुंच गई। महिला ने बड़ी चालाकी से उनका पर्स अपने पास रख लिया। देखते ही देखते वह वहां से फरार हो गई। उन्होंने तुरंत संगत और सेवादारों को संदिग्ध महिला के बारे में बताया। कुछ ही देर में महिला को काबू कर लिया गया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।