हथियारों और कारतूस समेत दो गिरफ्तार
तीन युवकों पर अवैध हथियार रखने के आरोप में किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। हथियारों के बल पर कॉलेज का प्रधान बनाने के बाद तीन युवकों पर अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में सिटी पुलिस ने असलाह एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों में से पुलिस ने दो को मौके पर से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े आरोपियों से एक पिस्टल, एक रिवाल्वर और मैगजीन समेत 8 राउंड बरामद हुए हैं। वीरवार को डीएसपी सिटी बाल कृष्ण सिंगला और थाना सिटी के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक बटाला के एक कॉलेज की प्रधानगी का चुनाव हथियारों के जोर पर करवाकर सनमपीत सिंह को कॉलेज का प्रधान बनाकर जालंधर रोड के सुखा सिंह मेहताब सिंह चौक की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने सूचना मिलते ही सुखा सिंह मेहताब सिंह चौंक पर नाकाबंदी कर दी। स्पेशल चेकिंग के दौरान एक बुलेरो गाड़ी को रोका गया। बुलेरो गाड़ी में सनमप्रीत सिंह निवासी धीर रोड बटाला,बलकार सिंह निवासी हसनपुर कलां और पवनदीप सिंह निवासी मानोचाहल थे। मौके पर से सनमप्रीत सिंह तो भागने में सफल हो गया। मगर बलकार और पवनदीप सिंह को काबू कर लिया गया। बलकार सिंह से एक पिस्टल 30 बोर का समेत मैगजीन, तीन राउंड और 5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जबकि पवनदीप सिंह से 32 बोर का एक रिवाल्वर और पांच राउंड बरामद हुए हैं। इस संबंध में थाना सिटी बटाला में तीनों ही आरोपी युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके मामले में नामजद फरार युवक को गिरफ्तार करने के लिए रेड की जा रही है। पकडे़ आरोपियों ने बताया है कि उनके साथ और भी युवक हैं जो उनके साथ कॉलेज में मौजूद थे।
फोटो- 13जीडीआरबीटीएलपी01
कैप्शन- बटाला पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी युवक।