तरनतारन। खडूर साहिब के गांव मंडाला में चार किसानों के घरों से चोरों ने 2.50 लाख की नकदी व सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। किसान दरबारा सिंह पुत्र हरनाम सिंह ने बताया कि वह परिवार समेत घर के आंगन में कूलर लगाकर सो गए। इस दौरान कुछ लोग घर में दाखिल हो गए। उन्होंने अलमारी खोल जेवर और नकदी चोरी कर ली। दरबारा सिंह ने बताया कि कूलर की आवाज के कारण चोरों की हरकत का मौके पर पता नहीं लग पाया। इसी तरह किसान बूटा सिंह पुत्र गुरा सिंह के घर से चोरों ने एक लाख 45 हजार की नकदी के साथ 6 तोले सोने के जेवर चोरी कर लिए। वो भी कूलर के सामने सो रहे थे। वहीं, किसान अवतार सिंह पुत्र दर्शन सिंह के कमरे की अलमारी तोड़कर 55 हजार रुपये व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके साथ ही किसान मिल्खा सिंह के घर से 7 हजार की नकदी व 8 तोले सोने के जेवर व अन्य सामान पर हाथ साफ किया। सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह ने बताया कि उक्त किसानों के बयान दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।