ट्रेवल एजेंट पर मानव तस्करी, ठगी का केस
रूस भेजने के नाम पर 14 युवकों को बनाया ठगी का शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन। जालंधर निवासी ट्रेवल एजैंट के खिलाफ थाना सरहाली की पुलिस ने मानव तस्करी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। एजेेंट पर आरोप है कि उसने 2 वर्ष वर्क परमिट पर रूस भेजने के नाम पर 14 युवकों को ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी लिए छापामारी शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में तरनतारन के गांव शेरों निवासी अमरजीत सिंह ने बताया कि सतपाल सिंह ढिल्लो निवासी गांव शेरों ने जालंधर के बस अड्डे के पास छिन्नमस्तिका कांप्लैक्स में 109 नंबर दुकान में अपना कार्यालय बनाया है। आरोपी ढिल्लो ने उसे बताया कि वह युवकों को रूस में 2 वर्ष के वर्क परमिट पर भेजता है। ढिल्लो ने राहुल नामक अपने साथी से मिलाया और 14 युवकों को रूस भेजने के नाम पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये वसूले। सतपाल सिंह ढिल्लों ने धनराशि और पासपोर्ट ले लिए और विदेश नहीं भेजा। पैसे वापस मांगने पर धमकियां दी। पीड़ित अमरजीत सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। इस दौरान सतपाल भुल्लर ने पैसे और पासपोर्ट वापस देने की बजाए ओर पैसों की डिमांड शुरू कर दी। एंटी फेक ट्रेवल एजेंट सेल जालंधर की रिपोर्ट के बाद एसएसपी तरनतारन ने मामले की जांच करवाई। सहायक जिला अटार्नी अमरपाल सिंह की रिपोर्ट के बाद थाना सरहाली की पुलिस ने आरोपी खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।