विजिलेंस टीम ने पटवारी को 5 हजार रिश्वत लेते किया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। श्री हरगोबिंदपुर की सब तहसील में शुक्रवार को विजिलेंस विभाग की टीम ने एक पटवारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में डीएसपी विजीलेंस नवजोत सिंह ने बताया कि पूर्ण सिंह निवासी जालंधर ने बैंक से कर्ज ले रखा था और बैंक की तरफ से पूर्ण सिंह को एनओसी दे दिया गया था। एनओसी लेने के बाद पूर्ण सिंह पटवारी प्रभदयाल सिंह के पास एनओसी को उसके कागजों में दर्ज करवाने के लिए गया था। पटवारी प्रभदयाल ने इस काम के लिए पूर्ण सिंह से 8 हजार रुपये की मांग की। इसके इवज में पूर्ण सिंह ने तीन हजार रुपये पटवारी को एडवांस में दे दिए। इसके बाद पूर्ण सिंह ने पटवारी प्रभदयाल सिंह सर्किल मोमनवाल के खिलाफ विजिलेंस विभाग में उनको शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में यह लिखा था कि जो पटवारी प्रभदयाल सिंह है, उसका एनओसी दर्ज करने के लिए 8 हजार रुपये की मांग कर रहा है। इस काम के लिए उसने 3 हजार रुपये दे दिए हैं और 5 हजार रुपये बकाया हैं। डीएसपी विजिलेंस नवजोत सिंह ने बताया कि पूर्ण सिंह की शिकायत के आधार पर शुक्रवार बाद दोपहर को श्री हरगोबिंदपुर की सब तहसील कैंपस में उनकी टीम ने पटवारी प्रभदयाल को बकाया 5 हजार रुपये रिश्वत के रुप में लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। डीएसपी नवजोत सिंह ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।