रोडवेज ड्राइवर पर हमला करने वाले पांच लोग नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। गांव डूंग में रोडवेज ड्राइवर को दातर और लाठियों से हमलाकर घायल करने वाले महिला समेत पांच लोगों पर थाना शाहपुरकंडी की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसएचओ दलविंद्र शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता गांव डूंग निवासी मलकीत सिंह ने बताया कि वह रोडवेज में ड्राइवर है। 30 नवंबर की दोपहर वह अपने खेतों में काम कर रहा था। उसके खेत के पास सरकारी वाटर फिल्टर प्लांट लगाया गया है जिससे आसपास के गांवों को पानी की सप्लाई दी जाती है। गांव का ही तिलक राज वाटर फिल्टर पर अपने पशुओं को पानी पिला रहा था, मना करने पर उसने गालियां देना शुरू कर दिया। बहस के बाद उसने परिवार को बुलाया तो महिला प्रोमिला देवी, उसका बेटा अमित कुमार, तिलकराज का बेटा ब्रिज मोहन और राकेश कुमार ने दातर और लाठियों से हमला कर घायल कर दिया। एसएचओ ने बताया कि आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है।