पंचायती जमीन पर कब्जे से रोका तो पूर्व सरपंच को हमला कर किया घायल
-थाना सदर की पुलिस ने 2 लोगों पर दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। गांव नाजोचक्क में पंचायत की जमीन पर कब्जा रोकने पर युवकों ने पूर्व सरपंच को किरच से हमला कर घायल कर दिया। थाना सदर पुलिस ने गांव के 2 युवकों पर मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता गांव नाजोचक्क निवासी संजीव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ लोग गांव के सरकारी स्कूल के मेन गेट के बाहर खोखा बनाने के नाम पर पंचायती जमीन पर कब्जा कर रहे थे, उसके चाचा और गांव के पूर्व सरपंच ठाकुर सेवा सिंह ने उक्त लोगों को कब्जा न करने को कहा तो मजदूरों ने काम बंद कर दिया। लेकिन वहां पहुंचे गांव के ही संजीव कुमार ने मजदूरों से कहा कि काम चालू करो, वहां बहस के बाद संजीव ने उसके चाचा सेवा सिंह को गालियां निकालनी शुरू कर दी और किरच से चाचा सेवा सिंह पर हमला कर दिया। वहीं संजीव का भाई राजीव भी मौके पर पहुंचा और सेवा सिंह पर लाठी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जांच अधिकारी एएसआई जगदीश कुमार ने बताया कि राजीव और संजीव पर आईपीसी की धारा 324, 323, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।