औजला को चुनाव से हटने की धमकी, पूर्व मंत्री जोशी ने भी दी शिकायत
अमृतसर। संसदीय हलका से कांग्रेस उमीदवार गुरजीत औजला को चुनाव मैदान से हटने की धमकियां मिल रही हैं। पुलिस कमिश्नर एसएस श्रीवास्तव को भेजी शिकायत में औजला ने कहा कि उनका मोबाइल फोन निजी सचिव के पास होता है। चुनाव प्रचार के दौरान उनके निजी सचिव को फोन कॉल आ रहे हैं, जिसमें उन्हें चुनाव मैदान में हटने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने धमकी देने वाले को कई बार समझाया, इसके बाद वह धमकाने से बाज नहीं आया। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबरों को खंगालना शुरू कर दिया है। इस बीच पूर्व मंत्री अनिल जोशी ने भी फेसबुक में कांग्रेस विधायक व पूर्व अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा के साथ वायरल फोटो में उन्हें कांग्रेस में शामिल होने के किए जा रहे दावों की पुलिस कमिश्नर को एक शिकायत दर्ज करवाई है। जोशी ने झूठी अफवाह को फैला कर उनकी छवि को धूमिल करने और लोगों को गुमराह करने की घिनौनी हरकत करने वाले साजिशकर्ता को पकड़ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जोशी के वकील आरपीएस सैनी ने मीडिया से बातचीत करते बताया कि वायरल की गई इस गलत पोस्ट की कंप्लेंट अनिल जोशी की ओर से पुलिस कमिश्नर को कर दी गई है।