हमले में घायल युवक की मौत
पुलिस ने दो नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर। सुल्तानविंड रोड पर लोहड़ी वाले दिन तेजधार हथियारों के हमले में घायल हुए कंवलजीत सिंह (25) की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। थाना बी डिवीजन पुलिस ने दो नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मनजीत सिंह ने बताया कि उनके बेटे कंवलजीत सिंह की शादी चार महीने पहले ही हुई थी। लोहड़ी वाले दिन रविवार को घर पर मेहमान आए थे। इस बेटा बाजार से सामान लेने के लिए चला गया। काफी देर तक वह वापस न आया तो वह उसे ढूंढने के लिए गए। जब वह आरोपियों की गली में पहुंचे तो देखा कि उसके बेटे के साथ मारपीट की जा रही थी। आरोपी बेटे पर तेज धार हथियारों के साथ वार कर रहे थे। वह बचाने के लिए आगे बड़े तो आरोपी फरार हो गए। बेटा बुरी तरह से जख्मी हो गया। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां सोमवार को उसकी मौत हो गई।
बताया गया कंवलजीत सिंह सामान खरीदने जिस रास्ते से जा रहा था। वहां कुछ लोग आग जलाकर लोहड़ी सेलीब्रेट कर रहे थे। कंवलजीत सिंह ने रास्ता मांगा तो शराब के नशे में धुत युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। कंवलजीत सिंह के परिवार और रिश्तेदारों ने थाना बी डिवीजन के बाहर धरना लगाया तो पुलिस ने गोल्डी, रिंकू और इनके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। है। फिलहाल किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एडीसीपी जगजीत सिंह वालिया ने बताया आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।