संवाद न्यूज एजेंसी
खडूर साहिब। जिला तरनतारन के गांव नत्थूपुर में जमीन विवाद के चलते चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना चोहला साहिब की पुलिस मौके पर पहुंची व शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव नत्थूपुर निवासी रंजीत सिंह राणा (38) हरिके पत्तन स्थित गुरुद्वारा नानकसर ईशरधाम में बतौर ग्रंथी तैनात था, जो बुधवार की सुबह करीब पांच बजे गुरुद्वारा साहिब में ड्यूटी करके घर लौटा। राणा अपने घर के बाहर मौजूद था कि उसके चाचा बलकार सिंह का लड़का हरपाल सिंह पाला गाली-गलौज करता वहां आया, क्योंकि पाला व राणा के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पाला ने राइफल से गोलियां चलाईं।
एक गोली लगते ही रंजीत सिंह राणा गंभीर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए परिजन तरनतारन के गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंच, जहां डाक्टरों ने राणा को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे थाना चोहला साहिब के प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर हरपाल सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है व कार्रवाई की जा रही है।