अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री गुरु नानक देव जी के 551वें प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के कोरोना टेस्ट करवाने शुरू कर दिए हैं। एसजीपीसी मुख्यालय तेजा सिंह समुंद्री हाल में जिला सेहत विभाग की एक टीम टेस्ट करने में जुटी है। यह टेस्ट 26 नवंबर तक होंगे। श्रद्धालुओं का जत्था 27 नवंबर को अटारी सड़क सीमा के रास्ते पाकिस्तान रवाना होगा। कोरोना वायरस के कारण इस बार पाकिस्तान सरकार ने श्रद्धालुओं को पांच दिन का वीजा जारी किया है। श्रद्धालु इस बार गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब व उसके आसपास स्थित गुरुद्वारा साहिब के दर्शन के लिए जा सकेंगे। पीएसजीपीसी ने भारत से आने श्रद्धालुओं के लिए वाघा सीमा पर विशेष प्रबंध किए हैं। वाघा सीमा से विशेष बसों से श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पहुंचाया जाएगा। श्रद्धालु परमजीत सिंह ने बताया कि उनकी इच्छा गुरुद्वारा ननकाना साहिब के दर्शन की थी। कोरोना वायरस के बावजूद भी वह अपनी पत्नी गुरमीर कौर के साथ गुरुद्वारा साहिब के दर्शन के लिए जा रहे हैं। वह उन सभी नियमों का पालन करेंगे जो दोनों देशों की सरकारों ने निर्धारित किए हैं।