केंद्रीय गृह मंत्री किरण रिजीजू ने कहा कि देश की सुरक्षा और विकास केंद्र सरकार का मुख्य मकसद है। देश में शांति और सद्भावना को हर हालत में कायम रखा जाएगा। इसको भंग करने की साजिशें करने वालों को कड़ा जवाब दिया जाएगा। रिजीजू रविवार को अमृतसर दौरे पर आए थे।
इस दौरान उन्होंने अकाली भाजपा नेताओं से एम के होटल में आयोजित अकाली भाजपा के कार्यक्रम में मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब देश का एक महत्वपूर्ण राज्य है, जो सारे देश के लिए अन्नदाता और अर्थव्यवस्था का केंद्र बिंदु बना हुआ है।
कुछ शक्तियां इस सीमांत राज्य का माहौल खराब करना चाहती हैं। बार्डर मैनेजमेंट के प्रभारी होने के तौर पर उन्होंने बार्डर एरिया का सबसे अधिक दौरा किया है। सीमाओं पर तैनात सुरक्षा बलों को किसी भी चीज की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अमृतसर ने भारत को दुनिया में पहचान दिलाई है। अमृतसर केंद्र सरकार के विकास एजेंडे में पहले नंबर पर है।
अमृतसर पहुंचे रिजीजू का स्वागत भाजपा के अमृतसर प्रभारी राकेश राठौर और अकाली दल जिला प्रधान ने किया इस अवसर पर निकाय मंत्री अनिल जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुग, अमृतसर प्रभारी राकेश राठौर, सुभाष शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश शर्मा, अकाली दल जिला प्रधान गुरप्रताप सिंह टिक्का ने सिरोपा भेंटकर किरण रिजीजू को किरपान और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद उन्होंने जलियांवाला बाग में शहीदों को श्रद्धांजलि दी और वाघा सीमा पर स्थित आईसीपी पर अधिकारियों से बात की।