संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। विश्व प्रसिद्ध लंगूर मेले के दूसरे दिन श्री दुर्ग्याणा मंदिर व बजरंगी सेना के सदस्यों में तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई। विवाद उस समय बढ़ गया जब लंगूर बने बड़े स्वरूप मंदिर के अंदर दाखिल होने लगे। इस बार दुर्ग्याणा मंदिर प्रबंधक कमेटी ने एलान किया था कि बड़ी आयु के लंगूर स्वरूप मंदिर के अंदर नहीं जाएंगे, यह धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है। बजरंगी सेना इन आदेशों को मानने के लिए तैयार नहीं हुई और विवाद पैदा हो गया। पुतलीघर से आए बजरंगी सेना के कार्यकर्ताओं नें दुर्ग्याणा कमेटी के सदस्य रोहित खन्ना ने तू-तू,मैं-मैं की। कमेटी ने माहौल खराब करने वाले बजरंगियों को पुलिस के हवाले कर दिया। मेला शुरू होने से पहले धार्मिक नेता अशनील महाराज ने एलान किया था कि बड़ी आयु वाले बजरंगी स्वरूप मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे क्योंकि यह मर्यादा के खिलाफ है। जब इन बड़े स्वरूप धारण किए युवाओं को अंदर जाने से रोका गया तो विवाद पैदा हो गया। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप करके इसे रुकवाया।