संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। चीफ खालसा दीवान (सीकेडी) एलुमनी सोसाइटी ने 10 जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है। सोसाइटी ने बुधवार को चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष इंदरबीर सिंह निज्जर को एक लाख रुपये का चेक सौंपा। यह राशि श्री गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों के विद्यार्थियों की फीस के लिए है।
यह चेक चीफ खालसा दीवान के मुख्य कार्यालय में दिया गया। सोसाइटी के अध्यक्ष प्रभजीत सिंह अरोड़ा के नेतृत्व में सदस्यों ने यह पहल की। इंदरबीर सिंह निज्जर ने सोसाइटी के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा, पुराने विद्यार्थियों ने जहां से शिक्षा प्राप्त की, वहीं सेवा करने की भावना को व्यवहार में उतारा है। उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रयास जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करता है। साथ ही, यह संस्थान और पूर्व विद्यार्थियों के भावनात्मक संबंध को भी मजबूत करता है। सोसाइटी के सचिव रमणीक सिंह ने इस पहल को सेवा और शिक्षा की विरासत को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया। सोसायटी अध्यक्ष प्रभजीत सिंह अरोड़ा और महासचिव सागरजीत सिंह कटारिया ने कहा कि यह केवल शुरुआत है। उन्होंने बताया कि भविष्य में जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए और योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने अन्य पूर्व विद्यार्थियों से भी इस नेक कार्य से जुड़ने की अपील की।