संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सीआईए स्टाफ ने बी डिवीजन थानाक्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 पिस्तौल, मैगजीन और 17 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ बी डिवीजन थाना में असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ कर उनके अन्य साथियों का पता लगाने के प्रयास कर रही है। वहीं दूसरी तरफ एक्साइज स्टाफ अमृतसर सिटी की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 ग्राम अफीम, 32 बोर के 18 कारतूस तथा 1 एक्टिवा बरामद की है।
सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह ने गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान अमृतसर के चमरंग रोड स्थित एकता नगर निवासी विशाल कुमार तथा सुल्तानविंड रोड स्थित न्यू आजाद नगर निवासी अनमोल उर्फ गोपाल गोपा के रूप में बताई है। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज ने बताया कि एक आरोपी के कब्जे से मैगजीन समेत 32 बोर की पिस्तौल और 11 कारतूस तथा एक आरोपी से मैगजीन समेत 30 बोर की एक पिस्तौल तथा इसके 6 कारतूस बरामद किए। इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं दूसरी तरफ एक अन्य मामले में एक्साइज स्टाफ ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को काबू कर उनके कब्जे से 200 ग्राम अफीम, 32 बोर के 18 कारतूस तथा 1 एक्टिवा बरामद की है। एक्साइज स्टाफ अमृतसर सिटी के अधिकारी गुरविंदर सिंह ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव नौशहरा कलां के जसपाल सिंह उर्फ जस तथा इसी गांव के गुरपिंदर सिंह उर्फ बंटी के रूप में बताई। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट तथा असलहा एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है।
- फोटो