आरोपी से चार पिस्तौल, 16 कारतूस और मोबाइल फोन बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) की टीम ने गैंगस्टर भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा डाॅन को कंबो थानाक्षेत्र से वीरवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। सीआई टीम ने आरोपी से चार देसी पिस्तौल, 16 कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, उससे मिले दो मोबाइल फोन से कई गैंगस्टरों और हथियार तस्करों के नंबर मिले हैं। सीआई टीमें गिरोह के अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
सीआई अधिकारी इंद्रदीप सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना थी कि कंबो थानाक्षेत्र निवासी गैंगस्टर भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा डाॅन राजासांसी इलाके में वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद इलाके में नाकाबंदी कर चेकिंग की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से की गई पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर छुपा कर रखे दो और पिस्तौल तथा आठ कारतूस भी बरामद कर लिए गए। पुलिस को संदेह है कि आरोपी भिंदा के मध्य प्रदेश के हथियार तस्करों के साथ संबंध हैं।
गैंगस्टर भिंदा पर दर्ज हैं ये मामले
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक आरोपी गैंगस्टर भिंदा के खिलाफ 2013 में कंबो थाने में नशा तस्करी, इसी साल में कंबो थाने में हत्या के प्रयास का मामला और साल 2015 में कत्थूनंगल थाने में फिरौती और अपहरण का केस दर्ज है। साल 2015 में ही मकबूलपुरा थाने में डकैती और 2018 में मेहता थाने में असलहा एक्ट और साल 2018 में कमिश्नरेट के सी डिवीजन थाने में भी असलहा एक्ट का केस दर्ज है।