संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। गुरुद्वारा साहिब की गुल्लक से 25 हजार रुपये की नकदी चोरी करने के मामले में थाना पुरानाशाला पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज किया है। गुरदीप सिंह निवासी छोटा कलीचपुर ने बताया कि वह गुरुद्वारा सिंह सभा चढ़दी पत्ती नौशहरा में पाठ करता है। रोजाना की तरह पाठ करने के बाद वह हाॅल को ताला लगाकर गुरुद्वारा साहिब की बेसमेंट में बने कमरे में चला गया।
सुबह करीब 3.15 बजे वह स्नान करने के लिए उठा तो देखा कि हाॅल कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था और अंदर रखी गुल्लक गायब थी। उन्होंने इसकी सूचना प्रधान मंगत सिंह और वजीर सिंह को दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर गुरुद्वारा साहिब के कैमरे चेक किए तो पता चला कि रात करीब 1.30 बजे एक युवक गुल्लक चोरी कर बाहर ले जाता दिख रहा है। बाद में गुल्लक डिस्पेंसरी के मैदान में पड़ी मिली, जिसमें से 25 हजार रुपये चुरा लिए गए थे।