संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। शिवसेना बाल ठाकरे के प्रदेश उपाध्यक्ष हरविंदर सोनी के खिलाफ जिला गुरदासपुर पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और भड़काने का केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई सोनी की ओर से विवादित बयान देने पर सिख संगठनों में पनपे रोष के बाद हुई है।
सोनी के विवादित बयान के बाद कई निहंग जत्थेबंदियों और सिख संगठनों ने मंगलवार को एसएसपी गुरदासपुर के दफ्तर के बाहर धरना दिया था। जिला अटॉर्नी की राय लेकर थाना सिटी गुरदासपुर में सोनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 295-ए, 504 और 505 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह केस लवप्रीत सिंह निवासी गांव तिब्बड़ी थाना तिब्बड़ की शिकायत पर दर्ज हुआ है। मामला दर्ज होने के बाद सिख संगठनों को पुलिस ने बताया कि सोनी को पहले ही नजरबंद कर दिया गया था तथा गिरफ्तारी भी जल्द डाल दी जाएगी।
शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष योगराज शर्मा ने प्रेस बयान में कहा कि हरविंदर सिंह सोनी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित कर दिया गया है। हालांकि हरविंदर सोनी ने योगराज शर्मा की ओर से जारी पत्र पर सवाल खड़े करते हुए कहा था कि उनके पास ऐसा कोई अधिकार नहीं है।
सार्वजनिक तौर पर सोनी ने मांगी थी माफी
बीते दिन हरविंदर सोनी ने बयान जारी कर इस मामले में सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी थी। उनका कहना है कि बंद के दौरान गलती से विवादित बयान निकल गया था। वह खुद श्री दरबार साहिब में पूरी आस्था रखते हैं। परंतु सिख संगठन मामला दर्ज करने तथा गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इसके चलते रात भी उन्होंने एसएसपी के दफ्तर के बाहर ही गुजारी।