संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। एयरपोर्ट थानाक्षेत्र स्थित ग्रीन एकड़ कालोनी में 30 अक्टूबर को चल रही शादी की पार्टी में हवाई फायरिंग के दौरान अचानक चली गोली से एक व्यक्ति जख्मी हो गया। पुलिस ने सूचना के बाद समागम में फायरिंग करने वाले को काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
एयरपोर्ट थाने में तैनात एएसआई हरदीप सिंह ने बताया कि सोमवार को शाम करीब पांच बजे वह एयरपोर्ट टी प्वाइंट पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान ही उन्हें सूचना मिली कि ग्रीन एकड़ कालोनी में एक शादी की पार्टी चल रही है। जिसमें कंबो थानाक्षेत्र के गांव ताबोवाली का बलविंदर सिंह और तरनतारन का गांव बागड़ियां निवासी बिक्रमजीत सिंह मौजूद थे।
जांच अधिकारी ने बताया कि शादी की पार्टी में बिक्रमजीत सिंह अपनी पिस्तौल के साथ हवाई फायर कर रहा था। बिक्रमजीत की तरफ से फायर करते समय पिस्तौल बलविंदर सिंह की तरफ हो गई और बलविंदर सिंह की छाती के दाईं ओर गोली जा लगी। जख्मी बलविंदर के परिजनों ने उसे आईवीवाई अस्पताल में दाखिल करवाया। एएसआई हरदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रविंदर शर्मा