जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से जरूरतमंद मरीजों को तुरंत खून उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू की गई वेबसाइट के प्रयोग को और अधिक सुचारू बनाने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन संस्करण भी प्रशासन ने लांच कर दिया है।
वीरवार को डीसी अमित कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें एक्टिव ब्लड कंट्रीब्यूटर्ज वेबसाइट का मोबाइल ऐप लांच किया गया। कुछ समय पहले जिला स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन के सहयोग से http://www.activebloodcontributors.org वेबसाइट लांच की थी।
इसका उद्देश्य मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना है। इसके लिए प्रशासन ने ब्लड डोनर्स की लिस्ट नाम व मोबाइल नंबर के साथ वेबसाइट पर अपलोड की है ताकि जरूरत के समय मरीज के परिजन तुरंत वेबसाइट के माध्यम से रक्तदाता से संपर्क कर रक्त हासिल कर सकें।
डीसी अमित कुमार ने बताया कि एक्टिव ब्लड कंट्रीब्यूट वेबसाइड शुरू होने से जरूरतमंद लोगों को अब आसानी से रक्तदानियों का पता मिल जाता है। इसे और सरल बनाने के लिए ऐप भी लांच किया गया है। इस अवसर पर एसडीएम धारकलां गुरजीत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. नरेश कांसरा, एसएमओ डॉ.भूपिंदर सिंह, श्री साईं ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट बधानी के सहायक प्रोफेसर व वेब एंड ऐप डिजाइनर अमन ठाकुर उपस्थित थे।