संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। बाइक सवार युवकों की ओर से कार सवारों पर गोलियां चलाने के मामले में थाना तिब्बड़ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। तरविंदर सिंह निवासी न्यू गोबिंद नगर बचाला रोड ने बताया कि उसके भांजे निकेतन सिंह को फोन पर जान से मारने की धमकियां मिल रहीं थीं। देर शाम वह अपने दूसरे भांजे परमजीत सिंह के साथ कार में गांव गोहत भट्टियां की तरफ जा रहा था। जब वे शाह जंक्शन होटल के पास पहुंचे तो आरोपी पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे। एक बाइक के पीछे बैठे आरोपी साहिबदीप सिंह ने पिस्टल से दो फायर किए।
एक गोली सड़क और दूसरी कार पर लगी। हमले में वे बाल-बाल बच गए। जांच अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि आरोपी सिमरनजीत सिंह सिम्मू निवासी पुलिस स्टेशन काॅलोनी गुरदासपुर, पंथप्रीत सिंह निवासी संत नगर, साहिबदीप सिंह, अगमदीप निवासी नंगल कोटली और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अगमदीप को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है।