विदेश जाने की कर रहा था तैयारी, पुलिस ने किया अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। सामान खरीदकर बाइक पर वापस जा रहे एक व्यक्ति को गलत दिशा से आ रहे अज्ञात कार चालक ने अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोटें लगने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ने घटना के अगले दिन विदेश जाना था। उधर, थाना काहनूवान की पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सवरन सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी काहनूवान ने बताया कि उसका दामाद बिक्रम सिंह ने आस्ट्रेलिया जाना था। इसके चलते वीरवार देर शाम वह अपनी बाइक से काहनूवान बाजार से कुछ निजी सामान खरीद कर आ रहा था। जैसे ही उनका दामाद गांव वड़ैच मोड़ सिंह सर्विस स्टेशन के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक सफेद रंग कार चालक ने गलत दिशा से आकर उसके दामाद को टक्कर मार दी और घसीटते हुए दूसरी साइड ले गई। इससे पक्की सड़क पर गिरने से उनके दामाद को गंभीर चोटें पहुंचने से मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
जांच अधिकारी एसआई दविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश की जा रही है।