हरीगढ़ ड्रेन की सफाई न होने के कराण बारिश के चलते बरसाती पानी दोबारा किसानों के खेतों में भर गया। इससे गुस्साए किसानों ने बठिंडा- चंडीगढ़ मुख्य मार्ग जाम कर राज्य सरकार व नहरी विभाग के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया।
ड्रेन के पानी से पीड़ित किसान जगतार सिंह, कर्मजीत सिंह, हरदीप सिंह, गुरजीत सिंह, कुलजीत सिंह, नाहर सिंह, सतनाम सिंह, रेशम सिंह, बावा सिंह, गुरजंट सिंह, हरदीप सिंह, काला सिंह ने बताया कि पिछले दिनों बरसाती पानी ने उनकी फसलों का नुकसान कर दिया था।
उन्होंने इसकी सूचना जिले के प्रशासनिक अधिकारियों व नहरी विभाग को दी थी। लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि फसल के नुकसान के कारण अगर कोई किसान परेशान होकर खुदकुशी करता है तो उसके लिए राज्य सरकार व जिलाधिकारी जिम्मेवार होंगे।
रविवार को बारिश के बावजूद किसानों का धरना जारी रहा। लेकिन मौके पर पहुंचे एसडीएम अमरवीर सिंह सिद्धू, एसपीडी स्वर्ण सिंह खन्ना ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का समाधान दो दिन के अंदर कर दिया जाएगा । तब जाकर किसानों ने धरना समाप्त किया।
उधर, बरनाला से कांग्रेस विधायक केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि हरीगढ़ की ड्रेन के पानी ने किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल तबाह कर दी है और जिले के अधिकारियों ने किसानों की कोई सुनवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि फसलों के नुकसान को मापने के लिए मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए और किसानों को हुए नुकसान का बनता मुआवजा तुरंत दिया जाए। विधायक ने कहा कि ड्रेन की तुरंत सफाई करवाई जाए ताकि आगे से किसानों की फसलों का नुकसान न हो।