प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्र्रताप सिंह बाजवा नेे कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह तोे मेरे बडे़ भाई हैं। कैप्टन कांग्रेस के सीनियर नेता हैं, उनका और मेरा मकसद एक ही है।
उन्होंने कहा कि अगर समय रहते बादलों को न भगाया तो जल्द ही प्रदेश को नशेड़ी पंजाब के नाम से जाना जाएगा। प्र्रताप सिंह बाजवा मंगलवार को बठिंडा देहाती के आरक्षण हलकों में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा दल व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए लोगों को नुकसान पहुंचा रहा है।
बाजवा नेे कहा कि राज्य में बादलों की सबसे बड़ी देन नशा है। क्योंकि अब तक पुलिस की ओर से जितने भी नशा तस्कर पकडे़ गए हैं, उनमें से ज्यादातर अकाली दल के साथ संबंधित हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में पकडे़ गए नशा तस्कर जगदीश भोला ने भी जब सबके सामने इस नशा रैकेट में कैबिनेट मंत्री मजीठिया का नाम ले दिया था, तो भी पुलिस और जांच एजेंसियों ने कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि इस रैकेट में प्रदेश के दो कैबिनेट मंत्रियों का नाम भी उछल चुका है। वहीं मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने इस मामले के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई।
बाजवा ने कहा कि प्रदेश सरकार एफसीआई के खात्मे पर उतारू है। इसके चलते आने वाले दिनों में किसानों का धान बिकने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की ओर से आत्महत्या करने की सबसे बड़ी वजह आढ़तियों व बैंक से लिया हुआ कर्जा है। बाजवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोेदी पर टिप्पणी करते कहा कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने वहां रह रहे पंजाबी किसानों को उजाड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री बादल को कहा है कि अगर मोदी खुद को किसानों का रखवाला कहलाते हैं तो तुरंत कर्जदार किसानों का कर्जा माफ करें।