अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के भव्य आयोजनों में शामिल होने के लिए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली ने सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार व तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को निमंत्रण पत्र सौंपा। तख्त श्री केसगढ़ साहिब के परिसर में हुई बैठक के दौरान बैंस ने उनसे 23 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित होने वाले सर्व धर्म सम्मेलन में शामिल होने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का शांति, आपसी भाईचारे, बलिदान और सभी धर्मों की रक्षा का संदेश विश्वभर की संगत तक पहुंचाने वाला यह सर्व धर्म सम्मेलन एक अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन होगा।