एएसआई की हत्या मामले में ऑडियो क्लिप से नया मोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
तरनतारन। जिले के नौशहरा पन्नुआं कस्बे में एएसआई इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या मामले में सोमवार नया मोड़ आ गया है। मृतक एएसआई के बेटे कोमल ने एक ऑडियो क्लिप जारी कर कई खुलासे किए हैं।
कोमल ने ऑडियो में दावा किया है कि उनके पिता का किसी गैंगस्टर से कोई संबंध नहीं था। उसने लंडा हरीके और सत्ता नौशहरा जैसे नामों से किसी भी तरह के लेन-देन या रिश्ते से इन्कार किया। कोमल ने आरोप लगाया कि उनके पिता की बिना किसी वजह के हत्या की गई है। इस ऑडियो क्लिप में रंजिश का जवाब देने जैसी बातें भी कही जा रही हैं। हत्या के कुछ देर बाद गैंगस्टर डोनी बल ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी। डोनी बल ने विरोधी गैंग से संबंध के कारण हत्या का दावा किया था। एएसआई इकबाल सिंह फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात थे। सोमवार को एएसआई इकबाल सिंह का पोस्टमार्टम किया गया। इसी दौरान बेटे कोमल की कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस ऑडियो क्लिप की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के असली कारणों का पता चल पाएगा।