संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब पुलिस के स्पेशल सेल ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर नशे का कारोबार करने वाले तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक किलो और 277 ग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल, मोबाइल और एक आई-20 कार बरामद की गई है। आरोपी कंटीली तार के पास से हेरोइन की खेप उठाकर ठिकाने लगा रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना लोपोके में केस दर्ज किया गया है। एसएसपी मनिंदर सिंह ने पकड़े गए आरोपी की पहचान लोपेके थाने के अधीन पड़ते गांव कक्कड़ निवासी रविंदर सिंह उर्फ विक्की के रूप में बताई है। एसएसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ जारी है। उन्होंने भी जल्द काबू कर लिया जाएगा। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि हेरोइन की उक्त खेप कुछ दिन पहले पाकिस्तान के तस्कर ने उसे ड्रोन से गिराई थी। इस खेप को आगे ठिकाने लगाने जा रहा था।