तरनतारन में आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों ने अपनी मांगों को लेकर तरनतारन-गोंइदवाल साहिब बाइपास पर चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
आंगनबाड़ी वर्कर औप हेल्पर यूनियन की पंजाब की कैशियर सुभाष रानी ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों के घरों का चूल्हा ठंडा करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
सरकार के झूठे आश्वासनों से तंग आकर महिला कर्मियों को मजबूरन सड़क पर चक्का जाम करना पड़ रहा है।
यूनियन की जिला अध्यक्ष अनूप कौर बलेर और बेअंत कौर ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कर्मी नौ दिन से प्रोग्राम अधिकारी के कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल कर रही हैं, लेकिन महिलाओं की हितों की रक्षा करने का दावा करने वाली सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
आंगनबाड़ी कर्मियों ने आरोप लगाया कि उन्हें छह महीने से मानदे नहीं मिला हैं। उन्हें फंड, ईंधन और वर्दियों के पैसे नहीं दिए जा रहे हैं। एसडीएम डॉ. अनुप्रीत कौर ने यूनियन की पदाधिकारियों से बात की और उनकी मांगों को सरकार के समक्ष भेजने का आश्वासन दिया।
कर्मियों ने धरना स्थगित कर दिया, साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस बार आश्वासन झूठा निकला तो वह फिर से संघर्ष करने को विवश होंगी।