संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब में किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान के लिए हर गांव में 11 सदस्यों की कमेटी बनाई जाएगी। आम आदमी पार्टी किसान विंग पंजाब की सर्किट हाउस लुधियाना में किसान विंग पंजाब के प्रधान महिंदर सिंह सिद्धू और राज्य सचिव गुरजीत सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इसमें दोनों नेताओं ने बताया कि किसान विंग ने पहले ही विधानसभा क्षेत्र स्तर पर अध्यक्ष नियुक्त कर दिए हैं। संगठन के इस काम को आगे बढ़ाते हुए और संगठन को मजबूत करते हुए पंजाब के हर गांव में 11 सदस्यों की कमेटी बनाई जाएगी।
इन कमेटियों का मुख्य काम गांव में किसानों को आ रही किसी भी समस्या (खाद, बीज, पानी, बिजली, फसल का नुकसान या कोई और मुद्दा) को तुरंत नोट करके किसान विंग पंजाब को भेजना होगा ताकि वे समस्याएं सीधे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तक पहुंच सकें और उनका तुरंत समाधान हो सके। नेताओं ने याद दिलाया कि पहले भी डीएपी खाद की कमी की समस्या को आम आदमी पार्टी सरकार ने बहुत जल्दी हल किया था। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद है कि किसानों को कहीं भी कोई समस्या न हो और वे खुश रहें। किसान खुश रहेंगे, तभी पंजाब सरकार का खुशहाल पंजाब का सपना पूरा होगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान विंग के जिला और हलका स्तर के नेता मौजूद थे।