चौक पसेआवाला में एक इमारत की छत गिरने से नानी और दोहती की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे घटी। 70 वर्षीय निरमा अपनी 16 वर्षीय दोहती राधिका के साथ सो रही थी, तभी छत उनके ऊपर आ गिरी।
आवाज सुनकर अलग कमरे में सो रहे राधिका के पिता हर्ष कुमार उठ गए और उन्होंने शोर मचा दिया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह और थाना डी डिवीजन के एसएचओ अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने दो घंटे में मलबे में दबी नानी और दोहती को बाहर निकाला।
दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन मंजिला इमारत करीब सौ साल पुरानी बताई जा रही है।
हमेशा टॉप करती थी राधिका
आदर्श स्कूल की छात्रा राधिका ने इस बार 10वीं के परीक्षा में मैरिट हासिल की थी। स्कूल प्रिंसिपल जुगल शर्मा ने बताया कि घटना के बाद स्कूल में भी छुट्टी कर दी गई। शर्मा ने बताया कि राधिका पहली से दसवीं तक उनके स्कूल की छात्रा रही, जिसमें उसने हर बार स्कूल में टॉप किया।
कई इमारतें हैं सौ साल पुरानी
अमृतसर के हाल बाजार, गुरु बाजार, आलूवाला कटड़ा, हाथी गेट, माई सेवा बाजार, नीमक मंडी और दाल बाजार में कई इमारतें सौ साल से भी ज्यादा पुरानी हैं। प्रशासन द्वारा इन इमारत मालिकों को नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन लोग कानून की अवहेलना कर रहे है।
मेयर बख्शी राम अरोड़ा ने बताया कि अंदरूनी इलाके में जर्जर हो चुकी इमारतों को खाली करने के लिए कई बार लोगों को निगम द्वारा नोटिस भी भेजे जा चुके हैं। आने वाले दिनों में निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।